मोहनलालगंज।मोहनलालगंज विकास खंड कार्यालय परिसर में रविवार को राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्रीय किसानों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा भारत-अमेरिका के बीच कृषि एवं दुग्ध उत्पादन से जुड़े प्रस्तावित समझौते का विरोध करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए आगामी 15 जुलाई 2026 को सभी तहसीलों पर प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके साथ ही 21 जुलाई 2026 को दिल्ली स्थित किसान घाट पर आयोजित महापंचायत में अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए रेल मार्ग से पहुंचने की रणनीति बनाई गई।बैठक में स्थानीय जनसमस्याओं पर भी चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि सोमवार को आयोजित तहसील दिवस में पहुंचकर उपजिलाधिकारी से मुलाकात की जाएगी। इस दौरान कमालपुर विचिलका से कुबहरा मार्ग के करीब 600 मीटर लंबे अधूरे हिस्से के निर्माण की मांग उठाई जाएगी। संगठन की ओर से वन विभाग से अनापत्ति प्रमाण-पत्र जारी कराने तथा लोक निर्माण विभाग से शेष कच्चे मार्ग का डामरीकरण कराने की मांग भी की जाएगी, ताकि क्षेत्रीय ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।बैठक को मंडल महामंत्री हरिपाल सिंह, प्रदेश सचिव दिनेश कुमार, मंडल उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद, जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार तथा ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश कुमार ने संबोधित किया। उन्होंने किसानों से संगठन को मजबूत करने और आगामी आंदोलनों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की।इस अवसर पर पप्पू यादव, जिला सचिव अरविंद कुमार, राम कुमार यादव, साहब दीन फौजी, जगदीश गौरा, अमृत लाल, प्रेमचंद सहित संगठन के दर्जनों पदाधिकारी एवं किसान मौजूद रहे।
