मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर से दिनदहाड़े नकदी चोरी का मामला सामने आया है। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, लेकिन पीड़ित महिला डॉक्टर की शिकायत के बावजूद पांच दिन बीत जाने पर भी पुलिस ने अभी तक चोरी का मुकदमा दर्ज नहीं किया है। इससे पीड़ित परिवार में नाराजगी है।मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के मऊ गांव निवासी डॉ. शिखा राजपूत ने बताया कि उनका अतरौली बाइपास रोड स्थित मकान है, जहां वह अपने परिवार के साथ रहती हैं। मकान के अगले हिस्से में उन्होंने ‘शिव मेडिकल स्टोर एवं क्लिनिक’ संचालित कर रखा है।डॉ. शिखा के अनुसार, बीते मंगलवार को एक अज्ञात युवक मेडिकल स्टोर पर दवा लेने आया। दवा देने के बाद उन्होंने उससे पैसे लेकर गल्ले में रखे और गल्ले को लॉक कर उसकी चाबी पास में बने रैक पर रख दी। इसके बाद वह घर के अंदर चली गईं।कुछ देर बाद वही युवक दोबारा बाइक से मेडिकल स्टोर पर पहुंचा। मौके का फायदा उठाते हुए वह दुकान के अंदर घुस गया, रैक से गल्ले की चाबी उठाई और गल्ला खोलकर उसमें रखी करीब 7 से 10 हजार रुपये की नकदी निकालकर फरार हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आराम से दुकान से निकल गया।कुछ देर बाद जब एक अन्य ग्राहक दवा लेने आया तो डॉ. शिखा दुकान पर पहुंचीं। गल्ला खोलने पर उसमें रखी नकदी गायब मिली। इसके बाद उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, जिसमें आरोपी युवक चोरी करते हुए स्पष्ट दिखाई दिया।
पीड़िता ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल मोहनलालगंज पुलिस को दी गई और लिखित तहरीर भी सौंपी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल भी की, लेकिन घटना के पांच दिन बीत जाने के बावजूद अभी तक चोरी का मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है, जिससे पीड़िता में रोष है। उनका कहना है कि सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने के बावजूद पुलिस की कार्रवाई बेहद धीमी है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राम बाबू सिंह ने बताया कि मेडिकल स्टोर के काउंटर से नगदी चोरी होने की सूचना मिली है। मामले की जांच कस्बा चौकी प्रभारी को सौंपी गई है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था।
