मोहनलालगंज। लखनऊ। अखिल भारतीय सोशलिस्ट पार्टी ने संगठन को प्रदेश स्तर पर और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने की दिशा में बड़ा निर्णय लेते हुए पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता अमित अवस्थी को उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट मनोज कुमार शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उनकी नियुक्ति की घोषणा की।पार्टी की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि अमित अवस्थी लंबे समय से संगठन के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में पार्टी की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेते रहे हैं। संगठन के प्रति उनकी सक्रियता, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में उनकी भूमिका को देखते हुए उन्हें प्रदेश की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट मनोज कुमार शर्मा के अनुसार, अमित अवस्थी की नियुक्ति को लेकर पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और जिम्मेदार कार्यकर्ताओं के बीच विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए उन्हें उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया।नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अमित अवस्थी से पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि वह प्रदेश में संगठन का विस्तार करने, कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और पार्टी की समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने में प्रभावी भूमिका निभाएंगे। उनकी नियुक्ति की खबर से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
अमित अवस्थी का मोहनलालगंज क्षेत्र के खरेहना गांव से पैतृक संबंध है। प्रदेश अध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने के बाद क्षेत्र में भी उनके शुभचिंतकों और समर्थकों में खुशी का माहौल है। नियुक्ति की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के लोगों ने उन्हें फोन कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और नई जिम्मेदारी के लिए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।पार्टी पदाधिकारियों ने भी अमित अवस्थी को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में संगठन को नई मजबूती और दिशा मिलेगी।वहीं अमित अवस्थी ने पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वह पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के हित में काम करने तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा को प्रदेश के गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।
