नगराम। नगराम थाना क्षेत्र में इंदिरा नहर से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में युवकों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। रविवार रात हर्रई पुल के नीचे नहर पटरी किनारे 25 वर्षीय युवक का शव मिला, जबकि सोमवार सुबह इस्माइलनगर गांव के पास इंदिरा नहर में करीब 20 वर्षीय युवक का शव उतराता मिला। दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।नगराम थाना क्षेत्र के हर्रई गांव निवासी 25 वर्षीय विजय कुमार पुत्र राजाराम का शव रविवार रात इंदिरा नहर की हैदरगढ़ शाखा में हर्रई पुल के नीचे नहर पटरी किनारे पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची नगराम पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और परिजनों से जानकारी ली।परिजनों के मुताबिक विजय कुमार की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। पुलिस ने मृतक के पिता राजाराम की तहरीर पर इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज कर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।नगराम थानाध्यक्ष अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।वहीं सोमवार सुबह नगराम क्षेत्र के इस्माइलनगर गांव के पास इंदिरा नहर में करीब 20 वर्षीय युवक का शव उतराता मिला। सूचना पर पहुंची नगराम पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।परिजनों ने शव की पहचान चिनहट के नंदपुर गांव निवासी मोहित के रूप में की। मृतक के पिता लक्ष्मी प्रसाद के अनुसार मोहित बीते 29 अगस्त को बीबीडी क्षेत्र में स्थित इंदिरा डैम के पास शारदा सहायक पोषक नहर में नहाने के लिए कूदा था। इसके बाद वह बाहर नहीं निकल सका। घटना की सूचना बीबीडी पुलिस को दी गई थी और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।सोमवार को इस्माइलनगर गांव के पास नहर में शव उतराता दिखाई देने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान मोहित के रूप में की। नगराम पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना से संबंधित आगे की कार्रवाई संबंधित पुलिस द्वारा की जाएगी।इंदिरा नहर में लगातार सामने आई इन दोनों घटनाओं से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। पुलिस दोनों मामलों में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
