पूर्व विधायक अम्ब्रीश सिंह पुष्कर भी पहुंचे पीड़ित के घर, बिजली विभाग के अफसर को फोन कर जर्जर लाइन दुरुस्त कराने के दिए निर्देश……
मोहनलालगंज, लखनऊ। निगोहा के डीह मजरा उतरावां गांव में मिलाद-उन-नबी के जुलूस के दौरान 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलसे 13 वर्षीय किशोर का हाल जानने बुधवार को सपा सांसद आरके चौधरी और पूर्व विधायक अम्ब्रीश सिंह पुष्कर उसके घर पहुंचे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित किशोर और उसके परिजनों से मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।ग्रामीणों के मुताबिक गांव निवासी मो. असलम पुत्र बाबू बीती 27 अगस्त को मिलाद-उन-नबी के जुलूस में शामिल था। जुलूस के दौरान वह हाथ में झंडा लहरा रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से झंडा छू गया, जिससे किशोर करंट की चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।घटना की जानकारी मिलने पर सपा सांसद आरके चौधरी और पूर्व विधायक अम्ब्रीश सिंह पुष्कर पीड़ित के घर पहुंचे। सांसद ने परिजनों से घटना की पूरी जानकारी लेने के साथ किशोर के उपचार और स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में जानकारी ली। परिजनों ने क्षेत्र में जर्जर और नीचे लटक रही विद्युत लाइन को लेकर भी चिंता जताई।
सांसद आरके चौधरी ने मौके से ही बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता को फोन कर घटना की जानकारी दी। उन्होंने संबंधित अधिकारी को जर्जर हाईटेंशन लाइन का तत्काल निरीक्षण कर उसे दुरुस्त कराने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो। सांसद ने कहा कि विद्युत लाइनों की स्थिति को लेकर लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जानी चाहिए और जहां भी लाइनें आबादी या आवागमन वाले स्थानों के ऊपर से गुजर रही हैं, वहां सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाना जरूरी है।पूर्व विधायक अम्ब्रीश सिंह पुष्कर ने भी किशोर के परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने घटना को गंभीर बताते हुए संबंधित विभाग से विद्युत व्यवस्था की जांच और आवश्यक सुधार कराने की बात कही।इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष उमाशंकर वर्मा, जिला पंचायत सदस्य अरुण यादव, अशर्फी लाल धीमान, उमेश यादव, अनीद अहमद, हरी शंकर रावत, अकबर अली, इसरार, हासिम, झब्बू, दुन्नी और शालिम समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
