मोहनलालगंज, लखनऊ। विधानसभा मोहनलालगंज क्षेत्र के ग्रामसभा सिकंदरपुर कुंवर बहादुर खेड़ा में समाजवादी पार्टी की ओर से सरकारी स्कूलों को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों और बच्चों के बीच शिक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई।कार्यक्रम की आयोजक समाजवादी पार्टी लखनऊ की जिला उपाध्यक्ष श्रीमती अर्चना रावत ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यकाल में बंद किए गए सरकारी स्कूलों को लेकर ग्रामीणों और अभिभावकों में चिंता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बंद किए गए सरकारी विद्यालयों को पुन: संचालित कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि गांव के बच्चों को उनके घर के नजदीक बेहतर शिक्षा की सुविधा मिल सके।उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूल ग्रामीण और गरीब परिवारों के बच्चों की शिक्षा का प्रमुख आधार हैं। विद्यालय बंद होने से बच्चों को दूर स्थित स्कूलों में जाना पड़ता है, जिससे अभिभावकों और विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सपा नेताओं ने शिक्षा के क्षेत्र में पूर्ववर्ती समाजवादी सरकार की योजनाओं और कार्यों का भी उल्लेख किया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मोहनलालगंज सांसद आरके चौधरी रहे। उन्होंने ग्रामीणों और बच्चों से संवाद करते हुए शिक्षा को समाज के विकास की आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों को मजबूत करना और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना आवश्यक है।इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष उमाशंकर वर्मा, प्रधान महमूदपुर सर्वेश रावत, संतोष रावत, राकेश यादव और संदीप यादव समेत पार्टी के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चे, अभिभावक और ग्रामीण शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने गांव में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात भी रखी।
