मोहनलालगंज। लखनऊ, मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के गौरा गांव में हुई गेट चोरी की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी गए दोनों लोहे के गेट बरामद कर न्यायिक कार्रवाई के उपरांत तीनों को जेल भेज दिया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते बुधवार को रनदीप सिंह पुत्र सखू देवी सिंह, निवासी वृन्दावन योजना सेक्टर-12, पीजीआई लखनऊ द्वारा मोहनलालगंज थाने में सूचना दी गई कि मोहनलालगंज के गौरा गांव में स्थित उनकी निजी संपत्ति से अज्ञात चोर दो लोहे के गेट चुरा ले गए हैं। चोरी की जानकारी सुबह वहां पर तैनात चौकीदार द्वारा दी गई थी। चोरी गए गेटों की अनुमानित कीमत पचास हजार रुपए बताई गई।पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम का गठन कर चोरों की तलाश शुरू कर दी। बीती रात पुलिस टीम मोहनलालगंज क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी, तभी पुलिस के खास मुखबिर से सूचना मिली कि गौरा गांव के पास तीन संदिग्ध व्यक्ति झाड़ियों से लोहे का गेट निकालते हुए देखे गए हैं।पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर तीनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ व तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से चोरी गए दोनों गेट बरामद किए गए।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 30 वर्षीय राजू पुत्र कोइली, निवासी मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के गौरा, 45 वर्षीय मलखान पुत्र राम खेलावन, निवासी शंकरखेड़ा गौरा, और 23 वर्षीय संजय पुत्र रामाश्रय, निवासी शंकरखेड़ा, गौरा के रूप में हुई है।मोहनलालगंज थाना प्रभारी दिलेश कुमार सिंह के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्यवाही के बाद न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सराहना हो रही है।
