निगोहां।महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत शनिवार को बेसिक विद्यालय निगोहां की बालिकाओं को निगोहां थाने पर जागरूक किया गया।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष निगोहां अनुज तिवारी एवं महिला उपनिरीक्षक गायत्री ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों तथा आत्मरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं। उन्होंने बालिकाओं को समझाया कि किसी भी प्रकार की समस्या आने पर महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 एवं अन्य हेल्पलाइन नंबरों का कैसे प्रयोग किया जाए।कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सवाल पूछे जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल भाषा में समाधान किया। इसी क्रम में सभी बालिकाओं को चॉकलेट वितरित की गई, जिससे उनके चेहरों पर खुशी झलक उठी।थानाध्यक्ष अनुज तिवारी ने कहा कि पुलिस सदैव महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए तत्पर है। उन्होंने यह भी संदेश दिया कि समाज में जागरूकता ही सुरक्षा की पहली सीढ़ी है।विद्यालय के शिक्षकों ने पुलिस टीम का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं को आत्मविश्वास से भरते हैं और उन्हें समाज में सुरक्षित व सशक्त बनने के लिए प्रेरित करते हैं।यह कार्यक्रम मिशन शक्ति की उस कड़ी का हिस्सा है, जिसके माध्यम से ग्रामीण अंचलों तक महिला सुरक्षा और जागरूकता का संदेश पहुँचाया जा रहा है।
