लखनऊ। राजधानी में शुक्रवार को सुहागिन महिलाओं ने करवा चौथ का पर्व बड़ी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया। सुबह से निर्जला व्रत रखकर महिलाओं ने दिनभर भगवान शिव, माता पार्वती और चंद्रदेव की पूजा-अर्चना की। शाम को चांद निकलने के बाद अर्घ्य देकर व्रत खोला और पति के दीर्घायु की कामना की।

मोहनलालगंज क्षेत्र के मऊ, निगोहां, सिसेंडी, दखिना सहित क्षेत्र के समस्त गांवों में महिलाओं ने सजधज कर पारंपरिक परिधानों में सजकर पूजा-पाठ किया। कई स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से व्रत कथा सुनी और मंगलगीत गाए। करवा चौथ पर बाजारों में भी रौनक देखी गई। ब्यूटी पार्लर, मेहंदी, साड़ी, और श्रृंगार सामग्री की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ उमड़ी रही। दखिना की स्थानीय निवासी किरन तिवारी ने बताया कि करवा चौथ केवल एक व्रत नहीं बल्कि पति-पत्नी के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक है। वहीं निगोहां की आर्तिका त्रिवेदी ने कहा कि सालभर इस दिन का इंतज़ार रहता है, जब हम पूरे मन से अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखते हैं। शाम को चांद निकलने के साथ ही पूरे क्षेत्र में ‘चांद निकल आया’ की खुशियां गूंज उठीं, और महिलाओं ने चंद्रदेव को अर्घ्य अर्पित कर अपने व्रत का समापन किया।

