निगोहां। लखनऊ,निगोहां पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही बैटरी चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गई बैटरियां भी बरामद कर ली हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते गुरुवार को फूलचन्द्र यादव पुत्र स्व. रामनाथ निवासी मीरकनगर थाना निगोहां की ओर से सूचना दी गई थी कि बीती बुधवार की रात्रि में अज्ञात चोरों ने इंटरलॉकिंग रायल्स प्लांट स्थित ट्रैक्टर से एक्साइड कम्पनी की लाल रंग की बैटरी तथा गौशाला में लगी झटका मशीन से एनपी कम्पनी की लाल व सफेद रंग की बैटरी चोरी कर ली है।
इस सूचना पर थाना निगोहां पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए चोरों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों, मुखबिरों की सूचना और सर्विलांस की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई और उन्हें दबोच लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार किया।पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी बेहद शातिर तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। ये रात्रि के समय सुनसान स्थानों, गौशालाओं और खड़े वाहनों को निशाना बनाते थे। वारदात से पहले दोनों क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण करते थे और ऐसे स्थानों को चुनते थे जहाँ सीसीटीवी कवरेज कम हो या रोशनी न के बराबर हो।
घटना की रात भी अभियुक्तों ने वादी के रायल्स प्लांट परिसर में प्रवेश किया। एक अभियुक्त बाहर पहरेदारी करता रहा जबकि दूसरा ट्रैक्टर से बैटरी निकालने का कार्य करता रहा। इसके बाद दोनों ने पास की गौशाला में लगी झटका मशीन से बैटरी उतारी और बैटरियों को बोरी में भरकर खेतों के रास्ते से फरार हो गए।थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके पास से दोनों चोरी की बैटरियां बरामद की गई हैं। अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है। निगोहां पुलिस की तत्परता और सक्रियता से क्षेत्र में बढ़ रही बैटरी चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है।
