लखनऊ। निगोहां कस्बे स्थित संत फ्रांसिस इंटर कॉलेज में शनिवार को दीपावली का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास एवं धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगी सजावट, दीपों की रौशनी और विद्यार्थियों की खुशियों से सराबोर दिखाई दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान अभय कान्त दीक्षित द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय क्रास्टा ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसके उपरांत विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना एवं सामूहिक प्रार्थना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक परिधान धारण कर दीपावली पर्व से जुड़ी झांकियों एवं रामायण प्रसंगों का जीवंत मंचन किया। राम-वनवास, सीता-हरण, हनुमान मिलन, राम-रावण युद्ध व राम राज्याभिषेक के दृश्य देख दर्शक भावविभोर हो उठे। विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
मुख्य अतिथि अभय कान्त दीक्षित ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व विकास में सहायक होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि दीपों का यह पर्व अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और अन्याय पर न्याय की विजय का प्रतीक है।कार्यक्रम का कुशल संचालन कक्षा 11 की छात्रा अंकिता त्रिपाठी एवं छात्र अर्पण शुक्ला ने किया। आयोजन में दुर्गा कान्त मिश्रा, श्री आनन्द, अभिषेक कुमार, अजय पाण्डेय, श्रीमती क्षमा तिवारी, रागिनी मिश्रा, संजीव, विपिन मिश्रा एवं रजनी मैम का विशेष योगदान रहा।कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य विजय क्रास्टा ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
https://www.facebook.com/share/v/17QbjtACc6/
