निगोहां। लखनऊ , निगोहां थाना क्षेत्र के रघुनाथखेड़ा गांव में गुरुवार देर रात एक किसान की मेहनत पर पानी फिर गया। खेत में कटकर बोझ के रूप में रखी धान की फसल अचानक रहस्यमयी परिस्थितियों में आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते लपटों ने पूरी फसल को खाक कर दिया। घटना से किसान परिवार में मातम सा माहौल छा गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि रघुनाथखेड़ा निवासी किसान अवधेश कुमार ने लगभग डेढ़ बीघे में ख़ड़ी धान की फसल की कटाई कर उसे पिटाई के लिए एक स्थान पर इकट्ठा कर रखा था। उनके पिता शीतला खेत के पास बनी झोपड़ी में रात में पहरा देते हुए सो रहे थे। तभी करीब रात 2 बजे उन्होंने धान के बोझ में आग की तेज़ लपटें उठती देखी। वे तुरंत भागकर घर पहुंचे और आग लगने की सूचना दी।परिजनों समेत गांव के लोग मौके पर पहुंचे और बोरवेल का मोटर चलाकर आग बुझाने में जुट गए, लेकिन तब तक आग बेकाबू हो चुकी थी। काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया, परंतु पूर्ण फसल जलकर नष्ट हो गई।सूचना मिलते ही ग्राम सचिव व हल्का लेखपाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने नुकसान का ब्यौरा तैयार किया और शासन स्तर से मदद दिलाने का भरोसा दिया। किसान अवधेश ने आशंका जताई कि फसल में आग लगने के पीछे किसी की शरारत हो सकती है।पीड़ित किसान का कहना है कि पूरे साल की कमाई इसी फसल पर निर्भर थी, अब परिवार की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। गांव के लोगों ने प्रशासन से जल्द सहायता राशि उपलब्ध कराए जाने की मांग की है।
