मोहनलालगंज,लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के जबरैली में पूर्व प्रधान सरजू प्रसाद गुप्ता पर हमले का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित ने मोहनलालगंज कोतवाली प्रभारी को दिए गए शिकायती पत्र में गांव के ही अमित तिवारी, उनकी पत्नी कोमल तिवारी सहित अन्य पर जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया है।पूर्व प्रधान सरजू प्रसाद गुप्ता निवासी ग्राम जबरैली ने बताया कि बीते गुरुवार को विपक्षियों को उन्होंने अपने खेत में बरसीम बोने दिया था, लेकिन आरोप है कि कुछ समय बाद अमित तिवारी और उनकी पत्नी ने रात में फावड़े से बरसीम नष्ट कर दिया।पीड़ित के अनुसार, शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे वह अपनी बरसीम में पानी लगाने गए थे तभी अमित तिवारी व उनकी पत्नी मौके पर आ गए। आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और ईंटों तथा डंडों से पीड़ित पर हमला कर दिया। शोर सुनकर उनके लड़के विवेक गुप्ता दौड़े, जिन्होंने किसी तरह बचाव किया। पीड़ित का कहना है कि यदि पुत्र मौके पर न पहुंचता तो आरोपियों द्वारा उसकी हत्या कर दी जाती।हमले में पीड़ित के हाथ की हड्डी में गंभीर चोट आई है। जाते समय आरोपियों ने खुली धमकी दी कि “इस बार बच गए, अगली बार जान से खत्म कर देंगे और कहा कि पुलिस भी उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती।पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।घटना से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है और पीड़ित परिवार सुरक्षा की गुहार लगा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
