सुबह पुलिस ने कराया था समझौता, दोपहर में फिर एक राय होकर हमला करने का आरोप……
मोहनलालगंज, लखनऊ।मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के रायभानखेड़ा गांव में शुक्रवार को पारिवारिक विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया पीड़िता प्रेमा देवी पत्नी मुनेश्वर प्रसाद ने मोहनलालगंज कोतवाली में दी गई तहरीर में अपने देवर गंगाराम की पत्नी सुचेता और उसकी चार पुत्रियों पर घर में घुसकर हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को दोपहर करीब पीड़िता प्रेमा देवी अपने घर पर बैठी थीं। इसी दौरान उनकी देवरानी सुचेता अपनी पुत्रियों के साथ एक राय होकर पहुंची और बिना किसी बात के गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर बचाव के लिए जब पीड़िता की पुत्री मौके पर आई तो हमलावरों ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और घर में अफरा-तफरी मच गई।पीड़िता ने बताया कि सुबह भी सुचेता उनसे विवाद कर रही थी, जिस पर गांव वालों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया था। हालांकि, पुलिस के जाने के बाद कुछ ही समय बाद आरोपियों ने फिर से एकजुट होकर घटना को अंजाम दे दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने पीड़िता की तहरीर लेकर मामला दर्ज कर लिया है।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिलेश सिंह ने बताया कि तहरीर में लगाए गए आरोपों के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की बात कही है।गांव में घटना के बाद से माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
