लखनऊ। निगोहां क्षेत्र में शुक्रवार को मतदाता सूची के शुद्धिकरण और एसआईआर पत्र भरने से जुड़ी ग्रामीणों की परेशानियों को दूर करने के उद्देश्य से एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का संचालन सुपरवाइजर अशोक वर्मा की देखरेख में किया गया, जिसमें पंचायत के सभी संबंधित बीएलओ मौजूद रहे। इस कैंप में बूथ संख्या 287, 288, 289 और 290 के बीएलओ द्वारा मौके पर ही ग्रामीणों के एसआईआर फॉर्म भरे गए। प्रक्रिया को सरल बनाते हुए लगभग 442 फॉर्म एकत्र कर जमा किए गए, जिससे लोगों को इधर–उधर भटकने की जरूरत नहीं पड़ी। कैंप की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए बूथ सुपरवाइजर अशोक वर्मा ने डुग्गी पिटवाकर विशेष सूचना प्रसारित कराई थी। जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में कैंप स्थल पर पहुंचे और अपने दस्तावेज अपडेट कराने के साथ-साथ मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराया।ग्रामीणों ने कैंप आयोजित किए जाने पर बूथ प्रभारी और बीएलओ टीम का आभार जताया और कहा कि ऐसे आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिए ताकि आमजन को सुविधाएं आसानी से मिल सकें।
