लखनऊ।उत्तर प्रदेश में चल रहे विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम एस आई आर के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को बुधवार को तहसील सभागार में सम्मानित किया गया। उप जिलाधिकारी मोहनलालगंज पवन पटेल ने सभी चयनित बूथ लेवल अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।एसडीएम ने कहा कि निर्वाचन कार्य लोकतंत्र की रीढ़ है और बीएलओ उसकी सबसे महत्वपूर्ण कड़ी। मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में बीएलओ की मेहनत और जवाबदेही से ही सूची सटीक और बेहतर बन पाती है। उन्होंने बताया कि मोहनलालगंज तहसील में 100% कार्य पूर्ण करने वाले बीएलओ को सम्मानित किया जा रहा है, जिससे अन्य कार्मिकों को भी प्रेरणा मिले।तहसील प्रशासन की ओर से विशेष पहल करते हुए सम्मानित बीएलओ के पूरे परिवार को मूवी टिकट भी प्रदान की गई। यह सुविधा पहले पाँच बीएलओ को दी जा रही है जिन्होंने समय से पहले व उत्कृष्ट कार्य कर मिसाल पेश की है।कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने बीएलओ के कठिन परिश्रम की प्रशंसा की और भविष्य में भी उसी समर्पण के साथ निर्वाचन कार्य को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
