मोहनलालगंज, लखनऊ।मानव सेवा को समर्पित एक अनोखी पहल के तहत बुधवार को पांडे कॉम्प्लेक्स, मोहनलालगंज में जननायक सुजीत पांडे मेमोरियल ट्रस्ट एवं लक्ष्य यूथ फाउंडेशन द्वारा भारत सरकार की राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत निःशुल्क परीक्षण एवं पंजीकरण शिविर का भव्य आयोजन किया गया।शिविर में प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र लखनऊ व भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम की विशेषज्ञ टीम ने 150 से अधिक वृद्धजनों व दिव्यांगजनों का परीक्षण कर कान की मशीन, व्हीलचेयर, वॉकर, छड़ी, कमर बेल्ट, सर्वाइकल कॉलर, स्पाइनल सपोर्ट, नी-ब्रेस, सिलिकॉन तकिया, ट्राईसाइकिल एवं मोटर ट्राईसाइकिल सहित विभिन्न सहायक उपकरणों के वितरण हेतु पंजीकरण किया।ट्रस्ट के प्रबंधक एवं राष्ट्रीय रियल एस्टेट विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अजय पांडे सत्यम् ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा दो दिवसीय कैंप आयोजित कर गांव-गांव सर्वे कराया जा रहा है ताकि हर पात्र वृद्ध व दिव्यांगजन को सम्मानजनक जीवन हेतु आवश्यक सहायक उपकरण दिलाए जा सकें। उन्होंने बताया कि पंजीकरण के तुरंत बाद पात्रता के आधार पर उपकरण वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।वहीं लक्ष्य यूथ फाउंडेशन के प्रबंधक एवं राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित अवधेश कुमार साहू ने बताया कि पहले दिन ही लगभग 150 लोगों का पंजीकरण पूरा किया गया है। अंतिम दिवस में और अधिक लाभार्थियों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि क्षेत्र का कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रह जाए।शिविर में प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र लखनऊ के प्रोस्थेटिस्ट-ऑर्थोटिस्ट श्याम मोहन शुक्ला, ऑडियोलॉजिस्ट श्रीकांत सिंह, यूएसडब्ल्यू लिपू दलाई, शिवम साहू, विपिन यादव सहित पूरी टीम का सराहनीय योगदान रहा।शिविर में भारी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और इस जनसेवा अभियान की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। यह शिविर मोहनलालगंज क्षेत्र में मानवता, सहयोग और सेवा की मिसाल बन गया।
