निगोहां। लखनऊ,निगोहां थाना क्षेत्र के रामदासपुर गांव में सड़क किनारे बछड़ा बांधने के विवाद ने शुक्रवार दोपहर बड़ा रूप ले लिया, जहां कहासुनी के बाद एक पक्ष के आधा दर्जन से अधिक लोगों ने दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों से हमला कर दंपति सहित तीन लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां एक की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।रामदासपुर निवासी रोशनी (25) ने बताया कि उसके पति होरीलाल (35) ने अपने खेत के पास सड़क किनारे बछड़ा बांध रखा था। इसी दौरान गांव के संतलाल वहां से गुजरे और सड़क किनारे बछड़ा बांधने को लेकर आपत्ति जताते हुए गाली-गलौज करने लगे। जब रोशनी के पति ने विरोध किया तो संतलाल ने अपनी पत्नी और परिवार के अनित करन, अर्जुन, विकास, छोटू समेत लगभग सात लोगों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर पर धावा बोल दिया।आरोप है कि आरोपियों ने पहले होरीलाल की पिटाई की, और जब रोशनी तथा उसके ससुर छेदालाल बचाने पहुंचे तो उन्हें भी पीटकर लहूलुहान कर दिया।
मले में तीनों के सिर फट गए और गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।ग्रामीणों द्वारा सूचना देने पर पहुंची 112 पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहाँ एक की हालत नाजुक देख उसे ट्रामा सेंटर रेफर किया गया।निगोहां पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
