मोहनलालगंज।लखनऊ, सर्वांगीण विकास पब्लिक कॉलेज, तेलीबाग में रविवार को वार्षिक फेस्ट बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। पूरे कॉलेज परिसर में उत्सव जैसा माहौल नजर आया। कार्यक्रम में छात्रों ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला, प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।मुख्य अतिथि पार्षद के.एन. सिंह एवं विशिष्ट अतिथि समाजसेविका रीना त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलन कर एवं सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कॉलेज के डायरेक्टर सेवक राम कनौजिया और शिक्षकों द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया।
फेस्ट की मुख्य विशेषता बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए सामाजिक व शिक्षा आधारित नाटक रहे। मोबाइल की लत से बचने, नैतिक मूल्यों को अपनाने, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक व्यवहार जैसे विषयों पर प्रस्तुत संदेशात्मक नाटकों ने अभिभावकों को गहराई तक प्रभावित किया। बच्चों के जोश और मंचीय आत्मविश्वास को अभिभावकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा।मुख्य अतिथि के.एन. सिंह ने विद्यालय की प्रगति और बच्चों की प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सर्वांगीण विकास पब्लिक कॉलेज सदैव छात्रों के समग्र विकास के लिए कार्य करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालय पर्यावरण, नैतिक शिक्षा और मानसिक विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर लगातार ध्यान दे रहा है।विशिष्ट अतिथि रीना त्रिपाठी ने कहा कि विद्यालय अपने नाम के अनुरूप विद्यार्थियों के हॉलिस्टिक डेवलपमेंट पर जोर देता है। उन्होंने कहा कि यहां बच्चों के मानसिक, शारीरिक, भावनात्मक, नैतिक और रचनात्मक सभी क्षेत्रों में संतुलित विकास के प्रयास स्पष्ट रूप से दिखाई देते हैं, जो किसी भी अभिभावक के लिए भरोसा बढ़ाने वाला कदम है।कार्यक्रम के दौरान आयोजित लकी ड्रॉ में छात्रों व अभिभावकों के उत्साह को देखते हुए प्रथम पुरस्कार लैपटॉप, द्वितीय पुरस्कार स्मार्ट टीवी तथा अन्य आकर्षक उपहार प्रदान किए गए।फेस्ट के दौरान बच्चों ने झूलों, गेम्स और उनके द्वारा लगाए गए विभिन्न इंस्टॉलों का भरपूर आनंद लिया। विद्यालय परिसर पूरे दिन रौनक और बच्चों की हंसी-खुशी से गूंजता रहा।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रिंसिपल उषा मशीह ने मंच पर प्रस्तुति देने वाले सभी छात्रों, उन्हें प्रशिक्षित करने वाले शिक्षकों तथा उपस्थित अभिभावकों व अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।समारोह के सफल आयोजन में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
