मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज तहसील क्षेत्र के
गोसाईगंज स्थित चांद सराय प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षामित्र एवं बूथ लेवल ऑफिसर बीएलओ वंदना शुक्ला ने विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर-2025 के तहत सौंपे गए कार्य को निर्धारित समय से पहले पूरा कर उत्कृष्ट मिसाल पेश की है। उनकी इस उपलब्धि पर मोहनलालगंज के उप जिलाधिकारी पवन कुमार पटेल ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।चांद सराय प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत वंदना शुक्ला के जिम्मे 1050 फॉर्म थे। उन्होंने घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित किए और समय पर सभी प्रपत्र एकत्र कर नियमानुसार सुपरवाइजर को सौंप दिए। उनकी कार्यशैली में न केवल तेज़ी रही, बल्कि पूरी प्रक्रिया में सटीकता और पारदर्शिता भी देखने को मिली। आयोजित सम्मान समारोह में एसडीएम पवन कुमार पटेल ने कहा कि वंदना शुक्ला जैसी कर्मठ, जिम्मेदार और ईमानदार बीएलओ लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि उनका समर्पण अन्य बीएलओ के लिए प्रेरणादायक है और क्षेत्र में स्वच्छ व अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने में यह योगदान बेहद महत्वपूर्ण है।शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी वंदना शुक्ला के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कर्मठ कर्मचारियों की वजह से चुनावी तैयारी सुचारू, विश्वसनीय और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ पाती है।
