लालगंज (रायबरेली), शुक्रवार।
नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऐहार में अव्यवस्थाओं के चलते मरीजों को प्रतिदिन भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि अस्पताल का मुख्य गेट निर्धारित समय पर नहीं खोला जाता, जिसके कारण इलाज के लिए आने वाले मरीज घंटों बाहर बैठने को मजबूर होते हैं।मरीजों और तीमारदारों का कहना है कि कई बार गंभीर स्थिति में पहुंचे मरीजों को भी गेट बंद मिलने पर तत्काल उपचार नहीं मिल पाता। इससे उनकी समस्या और अधिक बढ़ जाती है।शुक्रवार को मौके पर जांच के दौरान सामने आया कि केंद्र पर चार कर्मचारियों की तैनाती होने के बावजूद केवल आयुष चिकित्सक और वार्डबॉय ही ड्यूटी पर मौजूद मिले। ग्रामीणों के अनुसार कर्मचारियों के समय पर न आने-जाने से अस्पताल की सेवाएं लगातार बाधित हो रही हैं।गांववासियों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि अस्पताल को निर्धारित समय पर खोला जाए और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि मरीजों को समय से उपचार मिल सके।मुख्य चिकित्सा अधिकारी, रायबरेली से इस संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन न उठने के कारण संपर्क नहीं हो सका।
