मोहानलालगंज। लखनऊ,लखनऊ जनपद की तहसील मोहनलालगंज के वर्तमान तहसील भवन को मूल स्थान से हटाकर अन्य स्थान पर स्थापित कराए जाने के प्रस्ताव को लेकर अधिवक्ताओं ने विरोध कर प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर स्थानांतरण पर रोक लगाने की मांग की गई। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कौशलेंद्र शुक्ला ने संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी पवन पटेल को सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित वर्तमान तहसील भवन में न्यायालयों सहित सभी राजस्व कार्य सुचारु रूप से संचालित हो रहे हैं। तहसील परिसर में अधिवक्ताओं के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था है तथा बगल में खाली पड़ी भूमि में अधिवक्ताओं के चेंबर एवं तहसील विस्तार की पूरी संभावना मौजूद है।ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि तहसील भवन के निकट ही उपजिलाधिकारी, तहसीलदार व नायब तहसीलदार के आवास तथा राजस्व निरीक्षक कार्यालय स्थित हैं। तहसील मुख्यालय पर ही न्यायालय एवं आवास बने होने से न्यायिक व प्रशासनिक कार्यों के संचालन में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होती है।ज्ञापन में चेताया गया कि यदि तहसील भवन को वर्तमान स्थान से हटाया गया तो अधिवक्ताओं, वादकारियों एवं आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। इसलिए तहसील भवन को यथास्थान बनाए रखने और प्रस्तावित स्थानांतरण को निरस्त करने की मांग की गई है।
