( राजकीय बीज भंडार पर कृषक गोष्ठी आयोजित)
मोहनलालगंज। मोहनलालगंज में राजकीय कृषि बीज भंडार पर रबी कृषक गोष्ठी आयोजित की गई जिसमें मौजूद किसानों को कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा कृषि में नई , तकनीकी, अनुदान सहित विभिन्न प्रकार की जानकारी दी गई, कार्यक्रम में एडीओ कृषि सहित कृषि विभाग के अन्य अधिकारी, समाजसेवी, विशेषज्ञ व किसान मौजूद रहे।
मोहनलालगंज के डेहवा में स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार पर मंगलवार के दिन ‘ कृषि सूचना हेतु सुदृढ़ीकरण’ योजनांतर्गत किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें भारी संख्या में मौजूद किसानों को कृषि विभाग के तकनीकी सहायक सचेंद्र कुमार सिंह व राजकीय बीज भंडार प्रभारी महर्षि प्रताप सिंह द्वारा बेहतर कृषि, जैव उर्वरक, रोग निवारक दवा,एफपीओ, कृषक प्रदर्शनी तथा अनुदान सहित विभिन्न जानकारी दी गई।
यह जानकारी आयोजित गोष्ठी कार्यक्रम में मौजूद सौ किसानों की दी गई। वहीं ब्लॉक प्रमुख मोहनलालगंज ओम प्रकाश शुक्ल “विन्ध्येश्वरी” ने कृषकों के हितार्थ आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि किसान हमारे देश की रीढ़ हैं उन्हें कृषि संबंधी बेहतर जानकारी देने से उत्पादकता बढ़ेगी।। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी अभिषेक शुक्ल “विन्ध्येश्वरी” द्वारा की गई। अभिषेक शुक्ल ने बताया कि किसानों के उत्पादन से राष्ट्रीय आय में वृद्धि होती है क्योंकि कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था का एक बड़ा हिस्सा है। कार्यक्रम में सहायक खंड विकास अधिकारी (कृषि) मोहनलालगंज , कृषि विशेषज्ञ संदीप कुमार, नीरज, सुरेश कुमार, एफपीओ प्रतिनिधि मनीष कुमार सहित भारी संख्या में किसान मौजूद रहे।
