मऊ गांव के पास नहर किनारे झाड़ियों में मिला खून से सना शव, शराब पार्टी के बाद हत्या की आशंका…..
मोहनलालगंज। लखनऊ,मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के मऊ गांव से लापता युवक की बेरहमी से हत्या कर शव को गांव के बाहर मऊ नहर के किनारे झाड़ियों में फेंके जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह खेतों की ओर गए चरवाहों ने खाई में खून से लथपथ शव पड़ा देखा, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।सूचना मिलते ही एडीसीपी, एसीपी विकास पाण्डे व प्रभारी निरीक्षक मोहनलालगंज भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए। घटनास्थल से कई डिस्पोजल ग्लास, शराब की खाली बोतलें, नमकीन के खाली पैकेट तथा मृतक की चप्पल अलग स्थान पर पड़ी मिली, जिससे हत्या से पहले वहां शराब पार्टी होने की आशंका जताई जा रही है।शव की पहचान 22वर्षीय अलमास सिद्दीकी उर्फ अज्जू पुत्र रवि मोहम्मद, निवासी मऊ मोहनलालगंज के रूप में हुई। मृतक के पिता के अनुसार अलमास बीते सोमवार शाम करीब सात बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। मोबाइल फोन स्विच ऑफ होने पर परिजन पूरी रात उसकी तलाश करते रहे।
मंगलवार दोपहर परिजन कोतवाली में गुमशुदगी की तहरीर देने पहुंचे ही थे कि नहर किनारे शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचते ही बेटे का खून से सना शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया।इस संबंध में एसीपी विकास पाण्डे ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की गई है। परिजनों द्वारा जताई गई आशंका के आधार पर कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल की स्थिति और शव पर मौजूद गहरे घावों को देखकर प्रतीत होता है कि किसी ईंट या भारी वस्तु से चेहरे पर वार कर युवक की नृशंस हत्या की गई है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या के पीछे कारणों की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। युवक की निर्मम हत्या से पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल व्याप्त है।
