ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग पर उठाए सवाल……
नगराम। लखनऊ, मोहनलालगंज विकास खण्ड के नेवाज खेड़ा स्थित प्राथमिक विद्यालय से लगभग दो क्विंटल पुस्तकों को ले जाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में स्कूल परिसर से बड़ी मात्रा में किताबें कबाड़ी द्वारा ले जाते हुए स्पष्ट रूप से देखी जा सकती हैं।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो कुछ जागरूक ग्रामीणों द्वारा बनाया गया, जिन्होंने पूरे घटनाक्रम को रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।स्थानीय लोगों का आरोप है कि विद्यालय में मौजूद पाठ्यपुस्तकें, जो बच्चों को वितरित की जानी थीं, उन्हें कबाड़ के भाव बेच दिया गया। नियमों के अनुसार अनुपयोगी पुस्तकों के निस्तारण की एक निर्धारित प्रक्रिया होती है, लेकिन इस मामले में उस प्रक्रिया के पालन पर भी सवाल उठ रहे हैं।वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। वहीं, शिक्षा विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो।
