लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र के नंदौली गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों द्वारा दंपत्ति के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता मंजू सिंह पत्नी ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह ने थाना निगोहां में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि बीते गुरुवार को गांव के ही राजेन्द्र सिंह व उनके पुत्र सचिन सिंह पुरानी रंजिश को लेकर लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर में जबरन घुस आए।पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने घर में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर उनके पति ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह के साथ-साथ उनके साथ भी बेरहमी से मारपीट की, जिससे दोनों को गंभीर चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, तभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।घटना के बाद घायल दंपत्ति को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार कराया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि दबंग आरोपियों द्वारा पूर्व में भी उन्हें कई बार धमकाया जा चुका है।इस संबंध में थाना प्रभारी निगोहां अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी पिता-पुत्र के विरुद्ध मारपीट, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
