मोहनलालगंज के सिसेंडी में 300 मीटर बदहाल सड़क ने 40 गांवों की राह की मुश्किल, ग्रामीणों में रोष
मोहनलालगंज!लखनऊ राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र अंतर्गत पुलिस चौकी सिसेंडी के पीछे से कस्बा जाने वाले मैन रोड पर जे०एस० पैलेस तिराहे तक करीब 300 मीटर लंबी डामर सड़क वर्षों से बदहाल पड़ी है। सड़क पर गहरे गड्ढों और उखड़ी डामर के कारण राहगीर आए दिन चोटिल हो रहे हैं, वहीं दोपहिया और पैदल चलना भी दूभर हो गया है। इसी मार्ग से मदा खेड़ा रायबरेली रोड व सिसेंडी से राती गाव को जोड़ते हुए लगभग 40 गांवों का आवागमन होता है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध खनन से जुड़े भारी डंपरों के लगातार आवागमन ने सड़क की स्थिति और खराब कर दी, लेकिन पीडब्ल्यूडी विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। हैरानी की बात यह है कि इसी मार्ग पर सिसेंडी ग्राम पंचायत का सचिवालय भी स्थित है, फिर भी वर्षों से मरम्मत कार्य की अनदेखी की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पीडब्ल्यूडी विभाग की लापरवाही के चलते योगी सरकार के गड्ढा मुक्त अभियान को यहां पलीता लग रहा है। अब देखना होगा कि संबंधित अधिकारी जागते हैं या फिर यह सड़क किसी बड़े हादसे का इंतजार करती रहेगी।
