मोहनलालगंज। लखनऊ,मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के इन्द्रजीतखेड़ा गाव में पुलिस ने अवैध कच्ची शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से करीब दस लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को उपनिरीक्षक संजय कुमार वर्मा अपने हमराही कांस्टेबल राकेश जायसवाल के साथ क्षेत्र में गश्त व संदिग्ध व्यक्ति वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान खास मुखबिर से सूचना मिली कि इन्द्रजीतखेड़ा गाव में एक महिला अपने घर के बाहर अवैध कच्ची शराब बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एंटी रोमियो टीम की महिला कांस्टेबल साधना वर्मा तथा उपनिरीक्षक ज्ञान प्रकाश मिश्र को मौके पर बुलाया।पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही महिला भागने का प्रयास करने लगी, लेकिन महिला कांस्टेबल की तत्परता से उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान महिला के पास से दस लीटर की पिपिया में भरी कच्ची शराब बरामद हुई। पूछताछ में महिला ने अपना नाम रूबी पत्नी गोलू कंजड, निवासी इंद्रजीत खेड़ा मोहनलालगंज बताया महिला ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि वह अवैध कच्ची शराब बेचने के लिए लाई थी। शराब रखने व बेचने से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत न करने पर पुलिस ने उसे आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब में से एक लीटर नमूना लेकर सील किया गया तथा शेष शराब को कब्जे में लिया गया।गिरफ्तारी के दौरान उच्चतम न्यायालय व राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया। मौके पर मौजूद लोगों को गवाह बनाने का प्रयास किया गया, लेकिन वे आगे आने से कतराते रहे।पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
