मोहनलालगंज, लखनऊ।मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के जैतीखेड़ा गांव में शराब के नशे में दबंगों द्वारा एक महिला के साथ मारपीट व गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ मोहनलालगंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के जैतीखेड़ा निवासी हिमांशी सिंह पत्नी सुजीत सिंह ने बताया कि वह बीते गुरुवार को दवा लेने के लिए जा रही थीं। उसी समय उनके पति, पिता एवं परिवार के अन्य सदस्य गांव के बाहर स्थित खेत में धान का पैरा ट्रॉली-ट्रैक्टर में लादने का कार्य कर रहे थे। रास्ते में पीड़िता द्वारा पानी मांगे जाने पर उनके पति को ट्रॉली स्थल पर पानी देने गई थी।इसी दौरान गांव के ही निवासी कुलदीप सिंह, बड़े सिंह तथा प्रदीप उर्फ मोनू पुत्रगण गंगा बाल सिंह मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इनमें से दो लोग शराब के नशे में थे। नशे की हालत में आरोपियों ने महिला के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए भद्दी-भद्दी गालियां दीं और डंडों से मारपीट शुरू कर दी।पीड़िता के अनुसार अचानक हुई इस घटना से वह घबरा गई और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। शोर सुनकर जब तक उसके पति मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।पीड़िता हिमांशी सिंह ने मोहनलालगंज थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस मामले में पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है, मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
