मोहनलालगंज।लखनऊ, मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के कुढ़ा बाजार में जैकेट खरीदने को लेकर हुई कहासुनी ने देखते ही देखते मारपीट का रूप ले लिया। घटना में एक युवक के साथ लात-घूंसे से मारपीट कर उसे जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने मोहनलालगंज थाने में नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के डाडा सिकन्दरपुर, निवासी दीपक पुत्र सत्यनारायण बीते मंगलवार की शाम कुढ़ा बाजार गए थे। इसी दौरान बाजार में नीरज पुत्र राम सुचित से जैकेट खरीदने को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि बात बढ़ने पर नीरज पुत्र राम सुचित, राम अचल पुत्र राम सुचित तथा अभिषेक पुत्र अज्ञात, निवासीगण ग्राम कुढ़ा, एक राय होकर दीपक के साथ गाली-गलौज करने लगे।पीड़ित का आरोप है कि तीनों ने मिलकर उसे मां-बहन की गालियां दीं और लात-घूंसे से मारपीट की। घटना के दौरान बाजार में अफरा-तफरी मच गई। शोरगुल सुनकर मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद आरोपित युवक दीपक को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।घटना के बाद से पीड़ित दीपक और उसका परिवार भय के साए में जी रहा है। पीड़ित ने मोहनलालगंज थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दी है और आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।इस संबंध में पुलिस का कहना है किजांच की जा रही है। जांच के उपरांत दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
