मोहनलालगंज,लखनऊ।मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के अयोध्या खेड़ा मजरा कोडरा रायपुर निवासी श्रीमती शालिनी पत्नी शिवम ने मोहनलालगंज पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में बताया कि उनका विवाह बीते 27 फरवरी 2023 को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार शिवम पुत्र नंदन, निवासी ग्राम नटकुर थाना बिजनौर, लखनऊ के साथ हुआ था। विवाह के दौरान उनके पिता ने अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार लगभग तीन लाख रुपये नकद के साथ घरेलू सामान व सोने-चांदी के जेवरात दिए थे।आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति शिवम, ससुर नंदन सास जोगवती, ननद काजल व देवर शुभम दहेज से संतुष्ट नहीं थे और आए दिन कम दहेज का ताना देते हुए मारपीट व प्रताड़ना करने लगे। पीड़िता के अनुसार पति द्वारा बुलेट मोटरसाइकिल व दो लाख रुपये नकद की मांग की जाती थी, जिसे पूरा करने में असमर्थता जताने पर उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।पीड़िता ने बताया कि बीते 3 फरवरी 2024 को उसने पुत्री कनक को जन्म दिया, जिसका पूरा खर्च उसके मायके वालों ने उठाया। इसके बावजूद ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला और प्रताड़ना और बढ़ गई। आरोप है कि बीते 6 मई 2024 को पति ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया, जिसके बाद से वह अपने मायके में रह रही है।पीड़िता का यह भी आरोप है कि बीते 20 जनवरी 2025 को पति उसके मायके आया और दहेज की मांग पूरी न होने पर जान से मारने की धमकी देते हुए गाली-गलौज कर चला गया। इसके बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। वही पुलिस ने मामले में जांच में आरोप सिद्ध हुए और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
