हाल ही में अमेठी जनपद के सिंहपुर ब्लॉक अंतर्गत चिलौली ग्राम पंचायत के मजरे गोसाईं का पुरवा की मुख्य सड़क और नाली की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क करीब 50 वर्षों से जर्जर हालत में है, लेकिन आज तक न तो इंटरलॉकिंग, सीसी रोड या ईंट से निर्माण कराया गया और न ही सड़क किनारे नाली बनाई गई।सड़क पर हमेशा पानी भरा रहता है, जिससे कीचड़ और गंदगी फैली रहती है। बरसात के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो जाता है, बीमारों को अस्पताल ले जाना चुनौती बन जाता है और बुजुर्गों व महिलाओं को रोज़मर्रा के आवागमन में भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को लिखित व मौखिक शिकायतें दी गईं, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने इसे प्रशासनिक उदासीनता और गांव के प्रति लापरवाहीपूर्ण रवैया बताया।ग्रामीणों का कहना है कि जहां राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण मुआवजा देकर तुरंत करा दिया जाता है, वहीं गांव की मुख्य सड़क को दशकों से नजरअंदाज किया जा रहा है। यह स्थिति प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। लवकुश, विनय, संजय, राजू, विकास, अंकुल, जगदीश, राजेंद्र, संजय सहित अन्य ग्रामीण ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्थल निरीक्षण कराकर नाली निर्माण सहित पक्की सड़क का निर्माण नहीं कराया गया, तो वे उच्च अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों के समक्ष अपनी आवाज़ उठाने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
