लखनऊ। नगराम क्षेत्र के कुबहरा गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के बाहर खेत के पास एक नर कंकाल मिलने की सूचना सामने आई। कंकाल दिखाई देने के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई और उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही थाना नगराम पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।पुलिस को कंकाल से कुछ दूरी पर एक साड़ी भी बरामद हुई है, जिसके आधार पर यह आशंका जताई जा रही है कि कंकाल किसी महिला का हो सकता है। साड़ी मिलने के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है, वहीं गांव में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।थाना नगराम के प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि करीब 20 दिन पहले थाना क्षेत्र में एक महिला की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि खेत में मिला कंकाल उसी गुमशुदा महिला का हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और डीएनए जांच के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और गुमशुदगी से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
