नगराम। मोहनलालगंज से कोचिंग पढ़कर घर लौट रही एक किशोरी के साथ सरेराह मारपीट, गाली-गलौज और मोबाइल फोन लूटने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर नगराम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।नगराम थाना क्षेत्र के पतौना गांव निवासी नौमीलाल की पुत्री सुहानी देवी मोहनलालगंज स्थित एक कोचिंग सेंटर में पढ़ाई करती है। मंगलवार शाम करीब पांच बजे वह कोचिंग से लौटते समय देवीखेड़ा के पास सवारी से उतरकर पैदल घर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में गड़रियन खेड़ा गांव निवासी युवक विकास उर्फ रवि ने उसका रास्ता रोक लिया और गाली-गलौज करने लगा।पीड़िता द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और उसका कीमती रेडमी मोबाइल फोन छीन लिया। शोर मचाने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही नगराम पुलिस सक्रिय हुई। थानाध्यक्ष विवेक कुमार चौधरी ने बताया कि पीड़िता सुहानी की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी से हिरासत में पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
