मोहनलालगंज (लखनऊ)।मोहनलालगंज पुलिस ने संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए बीते माह अपहृत हुई 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि किशोरी को विधिक प्रक्रिया के तहत परिजनों को सौंप दिया गया है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 26 दिसंबर को मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के पद्मिनखेड़ा निवासी एक महिला द्वारा थाने में शिकायती पत्र दिया गया था। महिला ने बताया कि उनकी नाबालिग पुत्री 25 दिसंबर की शाम घर से बिना बताए चली गई थी। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बावजूद किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल सका था।शिकायतकर्ता ने गांव के ही रहने वाले गौतम पुत्र रामेश्वर पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की आशंका जताई थी। शिकायत के आधार पर मोहनलालगंज थाने में सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की गई।घटना की गंभीरता को देखते हुए एसीपी मोहनलालगंज विकास पांडेय के निर्देशन में तत्काल दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से लगातार प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप आरोपी के बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र के माती गांव में मौजूद होने की सूचना प्राप्त हुई।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गुरुवार को माती गांव में दबिश देकर नाबालिग किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया तथा आरोपी गौतम को मौके से गिरफ्तार कर लिया। बरामद किशोरी को आवश्यक विधिक प्रक्रिया के तहत सुरक्षित संरक्षण में भेजते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।इंस्पेक्टर ब्रजेश त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।इस सफल अभियान में उपनिरीक्षक अनुज कुमार सिंह, कांस्टेबल किशन जायसवाल एवं महिला कांस्टेबल देवी पाल की सराहनीय भूमिका रही। मोहनलालगंज पुलिस की इस त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर भूरी-भूरी प्रशंसा की जा रही है।पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
