मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के विदौबा गांव में घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता सोनी पत्नी दीपक ने अपने पति पर मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने पति के खिलाफ मोहनलालगंज थाने में तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है। पीड़िता ने बताया कि बीते बुधवार को पारिवारिक बातों को लेकर उनके पति दीपक ने उनके साथ मारपीट की। यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि पीड़िता का कहना है कि उनका पति आए दिन उनके साथ मारपीट करता है। और उन्हें व उनके बच्चों के भरण-पोषण के लिए खर्च तक नहीं देता।मारपीट की इस घटना में पीड़िता सोनी की आंख में गंभीर चोट भी आई है। पीड़िता का आरोप है कि लगातार हो रहे उत्पीड़न से वह और उनके बच्चे भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उनके पति द्वारा जान से मारने की धमकी दी जा रही है। जिससे उनकी जान को गंभीर खतरा बना हुआ है।पीड़िता ने इस संबंध में पुलिस से लिखित शिकायती पत्र देकर मामले का संज्ञान लेकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस से अपील की है कि उन्हें और उनके बच्चों को सुरक्षा प्रदान की जाए तथा आरोपी पति दीपक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। वही इंस्पेक्टर ब्रजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
