मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बारह जनवरी को करेंगे सम्मानित……
मोहनलालगंज।लखनऊ।राष्ट्रीय युवा दिवस के पावन अवसर पर समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय और प्रेरणादायी योगदान देने वाले समाजसेवी अवधेश साहू को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदान किए जाने वाले राज्य स्तरीय “स्वामी विवेकानंद यूथ अवॉर्ड” से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें 12 जनवरी को आयोजित भव्य समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदान किया जाएगा।समाजसेवी अवधेश साहू का जीवन संघर्ष, सेवा और संकल्प की अनुपम मिसाल है। अत्यंत साधारण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवार में जन्मे अवधेश साहू ने कठिन परिस्थितियों में भी कभी हार नहीं मानी। मात्र दो वर्ष की आयु में पिता का निधन हो जाने के बाद उनके पालन-पोषण की पूरी जिम्मेदारी उनकी माता पर आ गई। अनपढ़ होने के बावजूद उनकी माता ने मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण किया और अपने पुत्र को शिक्षा दिलाकर समाज सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।शिक्षा ग्रहण करने के दौरान अवधेश साहू ने स्वयं भी मजदूरी कर पढ़ाई जारी रखी, लेकिन समाज के लिए कुछ करने का संकल्प कभी कमजोर नहीं पड़ा। यही कारण है कि आज वे शिक्षा, स्वास्थ्य, युवा मार्गदर्शन, महिला सशक्तिकरण तथा गरीब, असहाय और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर निःस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे हैं।
उनके प्रयासों से सैकड़ों नहीं बल्कि हजारों जरूरतमंदों को शिक्षा, उपचार, सहायता और मार्गदर्शन मिला है। युवाओं को सकारात्मक दिशा देने, समाज में सेवा और संस्कार की भावना विकसित करने में उनका योगदान सराहनीय रहा है।
गौरतलब है कि समाजसेवी अवधेश साहू इससे पूर्व भी प्रदेश और जनपद का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर चुके हैं। भारत सरकार द्वारा उन्हें वर्ष 2019–20 के लिए राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। अब राज्य सरकार द्वारा दिए जाने वाला स्वामी विवेकानंद यूथ अवॉर्ड उनके सेवा कार्यों पर एक और बड़ी मुहर है।राष्ट्रीय युवा दिवस पर प्रदान किया जाने वाला यह सम्मान युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों“उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो”पर चलने की प्रेरणा देता है। अवधेश साहू का संपूर्ण जीवन इन्हीं विचारों का जीवंत उदाहरण है।इस घोषणा के बाद क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षाविदों, युवाओं एवं क्षेत्रवासियों ने अवधेश साहू को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दी हैं और इसे पूरे क्षेत्र के लिए सम्मान का विषय बताया है।यह सम्मान केवल एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि माँ के त्याग, बेटे के संघर्ष और समाज सेवा के संकल्प का प्रतीक है, जो आने वाली पीढ़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा।
