सिंहपुर-अमेठी। विद्युत उपकेंद्र सेमरौता के अंतर्गत गांव जेहटा उसरहा में आज भी बांस बल्लियों के सहारे ही उपभोक्ताओं को बिजली की आपूर्ति की जा रही हैं। बिजली विभाग के बड़े-बड़े दावों की जमीनी हकीकत अगर आपको देखना है तो विकास खंड सिंहपुर के गांव उसरहा में देखा जा सकता हैं। यहाँ आज भी कई सालों से उपभोक्ताओं को पक्के पोल की जगह बांस बल्लियों के सहारे तार खींच कर बिजली सप्लाई की जा रही है। उसरहा गांव निवासी मोती लाल,राम बहादुर, समाजसेवी अभिषेक बाजपेयी ने बताया कि आज कई सालों से विद्युत विभाग से पक्के पोल लगवाये जाने की मांग की जा रही हैं लेकिन अभी तक संबंधित जिम्मेदारों द्वारा कोई भी सार्थक कदम नही उठाया गया है।आंधी-पानी के दिनों में बांस-बल्लियों के गिरने के साथ ही पुराने तारों से करंट फैलने का खतरा भी अलग बना रहता है। इस संबंध में सेमरौता पावर हाऊस के अवर अभियंता ने कहा है कि मामले की जांच कर समस्या का निस्तारण किया जायेगा।
