मोहनलालगंज। संवाददाता
मोहनलालगंज में वर्टिकल सिस्टम लागू होने के बाद उपभोक्ताओं को भागदौड़ से बचाने के खोली गई हेल्पडेस्क अधिकारियों की लापरवाही से हेल्पलेस साबित हो रही है। हेल्प डेस्क पर दिसम्बर और जनवरी में दर्ज कराई गई 300 से अधिक शिकायतों के निराकरण की जानकारी तक उपभोक्ताओं को नही मिल पा रही है। जिसकी वजह से बिजली सम्बन्धित शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद पीड़ित उपभोक्ताओं को मामूली समस्याओं के लिए भी 50 किलोमीटर दूर इंद्रलोक कॉलोनी तक दौड़ लगानी पड़ रही है।
मोहनलालगंज के न्यू सबस्टेशन में ग्रामीण उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए हेल्पडेस्क खोली गई है। समेसी के अजय कुमार गोसाईंगंज के नरेन्द्र हर्ष गुप्ता ने हेल्पडेस्क पर अपने बिजली कनेक्शन का लोड बढ़ाने के लिए आवेदन किया था। लेकिन उपभोक्ताओं को अब तक समाधान नही मिल सका। इसी तरह समेसी के लायकराम मोहनलालगंज के दिलीप और समेसी के रामपाल ने भी लोड बढ़ाने के लिए हेल्पडेस्क पर शिकायत दर्ज कराई । लेकिन उपभोक्ताओं की मानें तो अब तक न तो उनकी समस्या दूर हुई और न ही किसी अधिकारी ने उपभोक्ताओं से संपर्क किया। मोहनलालगंज के शम्भू धर्मेन्द्र सिंह और हरिकेश ने मीटर की खराबी को लेकर हेल्पडेस्क पर शिकायत की लेकिन उपभोक्ताओं के मुताबिक समस्या अब तक दूर नही हो सकी। यही नही मोहनलालगंज के कमलेश और मनोज कुमार ने विधा परिवर्तन के लिए शिकायत की। लेकिन उपभोक्ताओं की मानें तो शिकायत अब तक बरकरार है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि हेल्पडेस्क के कर्मचारी शिकायत 1912 पोर्टल पर दर्ज कर सम्बन्धित एसडीओ को भेज दिए जाने का दावा करते हैं। लेकिन शिकायतों पर की गई कार्रवाई के बारे में उन्हें कोई जानकारी नही रहती। उपभोक्ताओं के मुताबिक नए बिजली कनेक्शन और बिल की गड़बड़ी की समस्याओं के लिए भी उन लोगों को 50 किलोमीटर दूर इंद्रलोक कॉलोनी जाना पड़ रहा है।
