समाजवादी पुरोधा दादा राम स्वरूप सिंह यादव की 90वीं जयंती श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाई गई
भवानी खेड़ा गांव में सपा नेताओं-कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर उनके संघर्ष और योगदान को किया नमन
मोहनलालगंज। संवाददाता
राजधानी लखनऊ के 176 विधानसभा क्षेत्र मोहनलालगंज अंतर्गत ग्राम सभा समेसी के मजरा भवानी खेड़ा गांव में समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य, पूर्व जिलाध्यक्ष, पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य रहे स्वर्गीय दादा राम स्वरूप सिंह यादव की 90वीं जयंती रविवार को हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाई गई।
जयंती समारोह का आयोजन पूर्व प्रधान कुलदीप सिंह यादव एवं उनकी धर्मपत्नी अंजू यादव (राष्ट्रीय सचिव, महिला सभा समाजवादी पार्टी) द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक अम्ब्रीश सिंह पुष्कर ने दादा राम स्वरूप सिंह यादव की प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अम्ब्रीश सिंह पुष्कर ने कहा कि दादा राम स्वरूप सिंह यादव ने समाजवादी विचारधारा को मजबूती देने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समाज के हित में समर्पित कर दिया। उन्होंने भावुक होते हुए बताया कि दादा जी ने मात्र 14 दिनों में उन्हें विधानसभा का टिकट दिलाकर विधायक बनाया, जिसके लिए वे जीवन भर उनके ऋणी रहेंगे। उन्होंने यह भी आशा व्यक्त की कि भविष्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर दादा जी की स्मृति में जनहित से जुड़े यादगार कार्य कराए जाएंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दादा राम स्वरूप सिंह यादव को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए पार्टी को पुनः सत्ता में लाने के लिए संगठित होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
वरिष्ठ नेता अमरपाल सिंह ने कहा कि दादा राम स्वरूप सिंह यादव समाजवादी आंदोलन की एक मजबूत कड़ी थे, जिन्होंने संगठन को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य किया। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक न्याय और अधिकार पहुंचाया जा सकता है।
राष्ट्रीय सचिव अधिवक्ता सभा श्रवण यादव ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि दादा राम स्वरूप सिंह यादव ने संत बक्स रावत को पांच बार विधायक बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। साथ ही 70 के दशक में किसानों पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ आंदोलन कर तीन राजस्व कर्मियों को बर्खास्त कराना उनके साहस और जननेतृत्व का प्रमाण है।
जयंती समारोह के अवसर पर विशाल तहरी भोज का आयोजन किया गया तथा महिलाओं को सैकड़ों साड़ियां वितरित की गईं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी जिला अध्यक्ष जय सिंह, जयंत अमरपाल सिंह, श्रावण कुमार यादव एवं विधानसभा अध्यक्ष उमाशंकर वर्मा ने संयुक्त रूप से की। कार्यक्रम में पूर्व प्रधान कुलदीप सिंह यादव, अंजू यादव, शमशेर बहादुर सिंह यादव, पूर्व चेयरमैन ब्रजेश यादव, नगर अध्यक्ष उमेश प्रधान, जिला पंचायत सदस्य अरुण यादव, विजय यादव, अशोक रावत (प्रधान), रविन्द्र यादव रुद्र, मो. हनीफ, बरजोर सिंह यादव, अशर्फी लाल धीमान, ओमकार लोधी, गोलू यादव, शिवांशु यादव, राजकुमारी, अशर्फी लाल धीमान, गंगा लोधी, सुजीत यादव, राम समुझ रावत, राम सागर यादव, रमेश राही, राजेंद्र यादव, हरी शंकर रावत, संतराम रावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
