लखनऊ। अरुणाभ फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित ऑल इंडिया महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। प्रतियोगिता में देश भर की दिग्गज टीमों—यूपीपी, हरियाणा, राजस्थान, वाराणसी, बंगाल, आरपीपीएस, बिहार और गाजियाबाद—की खिलाड़ियों ने शानदार खेल क्षमता और उत्कृष्ट खेल भावना का प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।कार्यक्रम का संचालन अरुणाभ फाउंडेशन के अध्यक्ष संदीप द्विवेदी के नेतृत्व में हुआ। उनके प्रयासों से महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक सशक्त मंच मिला।प्रतियोगिता मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जलशक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह, राज्यमंत्री दानिश अंसारी (अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज) तथा भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष त्रयंबक त्रिपाठी मौजूद रहे। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए नारी शक्ति को खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का संदेश दिया।फाइनल मुकाबला उत्तर प्रदेश पुलिस और हरियाणा के बीच खेला गया। रोमांचक मैच में पहला सेट हरियाणा ने 25-18 से जीता। दूसरे सेट में उत्तर प्रदेश पुलिस ने वापसी करते हुए 25-21 से जीत दर्ज की। निर्णायक तीसरे सेट में भी यूपी पुलिस ने 25-16 से शानदार प्रदर्शन कर खिताब अपने नाम कर लिया।अंत में अतिथियों ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। खेल मैदान में हर टीम का जज्बा और अनुशासन दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। आयोजन की सफलता पर क्षेत्र के खेल प्रेमियों ने अरुणाभ फाउंडेशन की सराहना की।
