लखनऊ। मोहनलालगंज में सोमवार को एक बार फिर ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। NH 30 पर वाहनों का ऐसा सैलाब उमड़ा कि देखते ही देखते कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम में फंसे लोग घंटों तक सड़क पर ही परेशान होते रहे। भीषण जाम के कारण दफ्तर जाने वाले कर्मचारी, स्कूल बसें, एंबुलेंस और रोजमर्रा के काम से निकले लोग बुरी तरह प्रभावित हुए।सबसे गंभीर स्थिति तब दिखी जब जाम में कई एंबुलेंस भी फंस गईं। एंबुलेंस के सायरन बजते रहे, लेकिन वाहनों की लंबी कतार के चलते उन्हें निकलने का रास्ता नहीं मिल सका। इससे मरीजों और उनके तीमारदारों की चिंता बढ़ गई।स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन की अनदेखी और कमजोर ट्रैफिक प्रबंधन के कारण आए दिन ऐसी स्थिति बनती है। लोगों का कहना है कि जाम की समस्या स्थायी हो चुकी है, लेकिन मौके पर ट्रैफिक संभालने के लिए पर्याप्त पुलिस बल या वैकल्पिक व्यवस्था नजर नहीं आती। रायबरेली रोड पर आवागमन लगभग ठप रहा। जाम में फंसे राहगीरों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने प्रशासन से ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने और जाम से निजात दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
