लखनऊ मोहनलालगंज निगोहा नगराम क्षेत्र के समेसी में शनिवार को क्षेत्र के समेसी बाजार स्थित नीरज रामादेवी नलिनीश कुमार पब्लिक इंटर कॉलेज में वार्षिकोत्सव समारोह बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया, वहीं इंटर कॉलेज परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे लोकसभा आंवला के सांसद एवं विद्यालय के प्रबंधक नीरज मौर्य तथा अध्यक्ष रश्मि मौर्या ने अपनी उपस्थिति से आयोजन को चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम का शुभारंभ वृंदावन धाम से पधारे आचार्य मनोज मोहन द्वारा बुद्धि शुद्धि हवन-यज्ञ के साथ कराया गया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने ऑपरेशन सिंदूर, पश्चिम बंगाल देवी गीत, कजरी नृत्य सहित एक से बढ़कर एक नृत्य, गीत व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी को मंत्र-मुग्ध कर दिया।
समारोह के समापन पर मुख्य अतिथि सांसद नीरज मौर्य द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करते ही छात्रों के चेहरे खुशी से खिल उठे और अभिभावकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
वहीं प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार ने मुख्य अतिथियों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक बिंदु शुक्ला ने किया। आयोजन में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
