मोहनलालगंज। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कनकहा गांव स्थित नहर मोड़ पर बीते शुक्रवार की देर रात एक तेज रफ्तार ईको वैन ने बाइक सवार युवकों को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दुर्घटना के बाद वैन चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवकों की पहचान कनकहा गांव निवासी गौरव सिंह, नीतेश पाल और मोहम्मद शकील के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक गांव के बाहर स्थित एक गेस्ट हाउस में आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर देर रात बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे नहर चौराहे के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार ईको वैन ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को छुट्टी दे दी गई।
घायल गौरव सिंह ने बताया कि वैन की रफ्तार काफी तेज थी और चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। हादसे के बाद चालक ने रुकने के बजाय मौके से फरार होना ही बेहतर समझा।इस संबंध में पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर अज्ञात ईको वैन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को दुर्घटना से संबंधित कोई जानकारी मिले तो थाने पर सूचित करे।
