खनन डंपर ने खड़ी बाइक रौंदी, ग्रामीणों का हंगामा; दूसरी बाइक देने का आश्वासन सोशल मीडिया पर मामला वायरल, प्रशासन की भूमिका पर उठे सवालग्रामीणों का आरोप खनन करने वालों ने गांव के रास्ते भी चौपट कर दियानिगोहा। संवाददातापरसपुर ठठ्ठा गांव में खनन में लगी मिट्टी ढोने वाली तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़ी बाइक को रौंद दिया। बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने डंपर व चालक को रोक लिया और जमकर हंगामा किया। बाद में खनन संचालकों ने नुकसान की भरपाई के लिए दूसरी बाइक देने का आश्वासन दिया, तब कहीं जाकर लोग शांत हुए।ग्रामीणों के मुताबिक बुधवार को गांव निवासी जागेश्वर रावत के मोहनलालगंज नगर से आए रिश्तेदार खेत देखने गए थे। उन्होंने रास्ते के किनारे बाइक खड़ी कर दी थी। इसी दौरान मिट्टी लादकर गुजर रहे डंपर ने बाइक को रौंद दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक डंपर में फंसकर पूरी तरह टूट गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और डंपर को आगे बढ़ने से रोक दिया।आरोप है कि घटना के बाद खनन से जुड़े लोग क्षतिग्रस्त बाइक को अपने साथ यह कहकर ले गए कि कार्रवाई न करें, बदले में दूसरी बाइक दे दी जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि गुरुवार तक बाइक नहीं मिली। इसके बाद मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिस पर लोगों ने पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए।ग्रामीणों ने बताया कि इलाके में कई दिनों से लगातार खनन कार्य चल रहा है। भारी वाहनों की आवाजाही से गांव के रास्ते जर्जर हो चुके हैं। विरोध करने पर खनन से जुड़े लोग परमिशन होने की बात कहकर दबाव बनाते हैं और पुलिस बुलाने की धमकी देते हैं। लोगों का कहना था कि गनीमत रही कि घटना के समय कोई बाइक के पास मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।ग्रामीणों ने बेतरतीब खनन और तेज रफ्तार डंपरों पर रोक लगाने के साथ ही मामले में ठोस कार्रवाई की मांग की है।ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मातादीन रावत ने बताया खनन करने वालों ने गांव के रास्तों को पूरी तरह चौपट कर दिया।और खनन करने वाले विरोध करने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी भी देते है।

