लखनऊ। निगोहां गांव के निवासी राज किशोर पुत्र शिव परसन ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया है कि उनके और उनके भाई रामकिशोर की जमीन गाटा संख्या 1320, निगोहा गांव में स्थित है जिसका बैनामा कूटरचित बनाकर कर उनके हस्ताक्षर और जमीन का विवरण बदल दिया गया।पीड़ित ने बताया कि वह और उनके भाई जमीन के 1400 वर्ग फीट का हिस्सा बेचने की तैयारी में थे। रंजीत कुमार, जो प्रॉपर्टी व्यवसाय करते हैं, ने जमीन खरीदने की सहमति जताई और तहसील मोहनलालगंज में बैनामा तैयार कराया। पीड़ित ने बैनामे को देखकर सहमति जताई और हस्ताक्षर कर दिए।लेकिन बाद में जब पीड़ित ने बैनामे की छायाप्रति प्राप्त की, तो उन्हें पता चला कि भूमि का वास्तविक विवरण बदल दिया गया था। गाटा संख्या 1320 के 1400 वर्ग फीट की जगह अन्य गाटा और क्षेत्रफल दिखा दिए गए थे। साथ ही, उनके हस्ताक्षर को भी कूट रचना कर गलत तरीके से अंकित किया गया।राज किशोर ने आरोप लगाया कि रंजीत कुमार और बैनामे के गवाह श्यामू और विकास ने मिलकर यह कूट रचना कर धन अर्जित करने के उद्देश्य से बैनामा संपादित कराया।पीड़ित ने बताया कि इसके बाद उक्त जमीन का विक्रय अनुबंध बीते 29 दिसंबर को बबलू पुत्र फूलचंद्र के पक्ष में किया गया। अनुबंध की राशि भी पीड़ित के खिलाफ अनाधिकृत तरीके से ली गई, जिसके विरोध में उन्होंने आपत्ति दर्ज कराई। इसके बाद रंजीत कुमार और उनके साथियों ने प्रार्थी और उनके परिवार को धमकियां और गालियां दीं।राज किशोर ने बताया कि उन्होंने निगोहां थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसलिए अब पीड़ित ने उच्च अधिकारियों से लिखित शिकायत किया है। कि कूटरचित और धमकी के आरोप में रंजीत कुमार एवं उनके साथियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
