लखनऊ। कल्ली पश्चिम स्थित काली माता मंदिर के निकट गुरुवार को निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और परामर्श लिया। शिविर का आयोजन मनोहर सेवा संस्थान, राजाजीपुरम व डॉ. त्रिपाठी आयुर्वेद निदानशाला एवं पंचकर्म सेंटर की ओर से किया गया।
सुबह से ही शिविर स्थल पर मरीजों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। अर्थराइटिस, गठिया, सियाटिका, कमर दर्द, स्लिप डिस्क, घुटनों के दर्द, त्वचा रोग, दमा, पुरानी खांसी, लीवर संबंधी समस्याएं, बवासीर, भगंदर, थायराइड, उच्च रक्तचाप, डायबिटीज, माइग्रेन, मोटापा, पथरी और किडनी रोग समेत विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीजों ने जांच कराई। महिलाओं से जुड़े रोगों जैसे पीसीओएस, रक्त व श्वेत प्रदर, बांझपन और हार्मोनल विकारों की भी जांच की गई।
शिविर में डॉ. शिव शंकर त्रिपाठी ‘राजवैद्य’, डॉ. दीपांजली त्रिपाठी और डॉ. पातंजलि द्विवेदी ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाइयां दीं। इस दौरान हड्डियों की बीएमडी जांच और शुगर की जांच भी निःशुल्क की गई। चिकित्सकों ने लोगों को आयुर्वेदिक पद्धति के अनुसार संतुलित आहार और नियमित दिनचर्या अपनाने की सलाह दी।
शिविर के आयोजन में वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज द्विवेदी, राजू दीक्षित, सुशील मिश्रा, अनिल द्विवेदी, विनीत, राहुल शर्मा, सत्य नारायण रावत, अभिलाष श्रीवास्तव, चंद्रभान सिंह, राम खेलावन और एडवोकेट अतुल अवस्थी सहित अन्य सहयोगियों की विशेष भूमिका रही। आयोजकों ने बताया कि जनहित में भविष्य में भी इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता रहेगा।
