छत पर चढ़कर मां-बेटी पर कुल्हाड़ी से हमला,गंभीर
मोहनलालगंज क्षेत्र की घटना, एफआईआर दर्ज कराने की मांग
मोहनलालगंज। संवाददाता मोहनलालगंज के एक गांव में छत पर चढ़कर मां-बेटी पर कुल्हाड़ी से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में किशोरी घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां उसके हाथ में टांके लगे हैं। पीड़िता की ओर से पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है।मोहनलालगंज कनकहा की रहने वाली महिला बबली रावत ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि बुधवार रात आरोपी उनके घर की छत पर आने के लिए दरवाजा पीट रहा था और गाली-गलौज कर रहा था। किसी तरह वह नीचे चला गया, लेकिन अगले दिन सुबह दोबारा छत पर पहुंच गया। आरोप है कि उसके हाथ में कुल्हाड़ी थी और उसने उनकी बेटी पर वार कर दिया। वार से बेटी के हाथ में गंभीर चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंची मां पर भी हमला किया गया, हालांकि उन्हें हल्की चोट आई।शोर सुनकर पड़ोस की एक महिला मौके पर पहुंची, तब जाकर हमलावर वहां से भागा। परिजनों ने घायल किशोरी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसके हाथ में तीन टांके लगाए गए।पीड़िता का कहना है कि यह जान से मारने की कोशिश है। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।पुलिस का कहना है कि तहरीर मिली है, मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
