निगोहां ।
निगोहां में लखनऊ-रायबरेली हाइवे पर डग्गामार वाहनों के मनमाने ढंग से खड़े होने की वजह से नगराम मोड़ वाली रोड पर जाम लगता रहता है। यह समस्या नगराम मोड़ से लेकर भगवानपुर मोड़ तक है। हर कट के सामने अवैध टेम्पो और ई-रिक्शा का कब्जा रहता है। जिससे राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ती है। स्थानीय थाने की पुलिस द्वारा कार्रवाई न होने से यह समस्या बनी हुई है। नगराम मोड़ पर टैम्पों और ई-रिक्शा मनमाने ढंग से खड़े रहते हैं, जिसकी वजह से सड़क के दोनों ओर रोड पर जाम लग जाता है। जाम में फंसे वाहन रेंगते रहते हैं, और हाइवे पर कट होने की वजह से दुर्घटना होने की भी संभावना बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यातायात पुलिस और स्थानीय थाने की पुलिस को इस समस्या के बारे में कई बार बताया गया है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो स्थिति और भी खराब हो सकती है।
