निगोहां।लखनऊ, बुधवार को निगोहां थाना क्षेत्र के नगराम रोड स्थित टाइटेनियम ग्लास फैक्ट्री के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मौके पर सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल यू पी 32 एच जेड 7741 को स्कॉर्पियो यू पी 32 क्यूँ डब्लू 0810 ने टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार सुनील पुत्र राम नरेश निवासी निगोहां थाना क्षेत्र के कासिमपुर, गंभीर रूप से घायल हो गए।पुलिस द्वारा घायल को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगराम भेजा गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्रामा सेंटर संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान रेफर किया गया। वहां से भी स्थिति नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय भेज दिया। बताया जा रहा है कि केजीएमयू ले जाते समय रास्ते में ही सुनील ने दम तोड़ दिया।पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर थाने पर खड़ा करवा दिया है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।निगोहां थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।घटना की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया है और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
